-शहद की मिठास से बदलेगी महिलाओं की तकदीर : समीर
मुजफ्फरपुर। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मधु ग्राम महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से जुड़ी महिलाओं के कारोबार को मजबूत करने के उद्देश्य से शहर के एक निजी होटल में “मधुमक्खी पालन से समृद्धि की ओर” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक (नॉन फार्म) समीर कुमार, डीपीएम जीविका मुजफ्फरपुर अनीशा, डीपीएम वैशाली वंदना कुमारी, सुरदीप्त समदर्शी तथा डाबर के प्रतिनिधि अजय कुमार ने मधुग्राम से जुड़ी दीदियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर राज्य परियोजना प्रबंधक समीर कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित जीविका महिलाओं की तकदीर बदलने के लिए निरंतर काम कर रही है। आसपास के जिलों की महिलाएं भी मधुमक्खी पालन से जुड़कर अपने भविष्य को संवार रही हैं। उन्होंने कहा कि जीविका महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराने के लिए बड़ी कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है, जिससे शहद की मिठास से महिलाओं के जीवन में आर्थिक उन्नति तेजी से हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मधु ग्राम कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए दीदियों के साथ चर्चा कर रणनीति तय की। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर, वैशाली, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण की जीविका दीदियों ने मधुमक्खी पालन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और इस वर्ष अधिक से अधिक शहद उत्पादन एवं बिक्री की योजना पर विचार किया।
डीपीएम अनीशा ने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं और शहद उत्पादन के क्षेत्र में भी अच्छा कार्य हो रहा है। इस वर्ष भी लक्ष्य के अनुरूप उत्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं वैशाली की डीपीएम वंदना कुमारी ने दीदियों को भरोसा दिलाया कि बेहतर गुणवत्ता का शहद उत्पादन होने पर उन्हें उचित मूल्य मिलेगा।
डाबर के प्रतिनिधि अजय कुमार ने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा उत्पादित शहद की गुणवत्ता काफी अच्छी होती है। बेहतर गुणवत्ता के शहद के लिए कंपनी उचित मूल्य दे रही है और इस वर्ष लक्ष्य के अनुसार शहद मिलने पर महिलाओं को अच्छा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाली दीदियों और कैडर को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन नॉन फार्म प्रबंधक वैशाली मनीष कुमार ने किया। अंत में सभी दीदियों ने चमकी बुखार से बचाव के लिए शपथ ली।
इस मौके पर संचार प्रबंधक राजीव रंजन, संतोष कुमार, आनंद कुमार, शिवम कुमार, इमरान अली, चुनचुन कुमार सहित कई जीविका कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित थीं।











