Advertisement

शराबबंदी कानून विफल, जहरीली शराब कांड मामले में मिलेंगे राज्यपाल से: डॉ अखिलेश सिंह

-शराबबंदी कानून विफल, जहरीली शराब कांड मामले में मिलेंगे राज्यपाल से: डॉ अखिलेश सिंह

-जहरीली शराब पीने से मरने वालों के परिजनों से मिले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद, दी सहयोग राशि

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना एवं रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें रघुनाथपुर बालगंगा वार्ड नंबर 29 में के रहने वाले लड्डू शाह उर्फ जितेंद्र शाह और संपत शाह की भी जान गई थी। इस बीच कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने दोनों मृतकों की पत्नी ललिता देवी और लीलावती देवी से मिलकर उनको सहयोग राशि उन्हें सौंपी।सांसद ने इंसाफ का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह इस मामले को राज्यपाल के सामने भी उठाएंगे और आगे भी मृतक परिवार को हरसंभव मदद करेंगे। इस दौरान अखिलेश प्रसाद सिंह ने रघुनाथपुर बालगंगा, गदरिया, मुसहरी टोला, परसौना, शंकरसरैया, हरदिया और शेखशरण टोला पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को 10-10 हजार की आर्थिक मदद भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह से विफल है। कानून लागू हुए दस वर्ष हो गए लेकिन आज भी शराब चारों तरफ बिक रही है। प्रशासन और सरकार के गठजोड़ से यह गोरखधंधा खूब फल-फूल रहा है।


– बालगंगा पहुंचकर पीड़ितों से मिले

अखिलेश सिंह ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी. इस मुद्दे को लेकर वह राज्यपाल से भी मिलेंगे. राज्यसभा सांसद ने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे गांव में जागरूकता अभियान चलाएं और अवैध शराब के खिलाफ जनता को एकजुट करें।
उन्होंने कहा कि जहरीली शराब कांड सरकार की नाकामियों का परिणाम है, जो पूर्ण शराबबंदी लागू करने में विफल रही है।