मोतिहारी। राजन द्विवेदी
-लोकसभा चुनाव में छठे चरण के मतदान की तैयारी पूरी
लोकसभा चुनाव को लेकर पूर्वी चंपारण जिले के तीनों संसदीय क्षेत्रों में कल 25 मई को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, स्वच्छ और भयमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर प्रशासनिक तैयारी पूरी हो चुकी है। इस क्रम में डिस्पैच सेंटरों से मतदान दल सुरक्षा बलों के साथ इवीएम लेकर अपने – अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने मतदान कर्मियों, पीठासीन अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस क्रम में जिले के बारा चकिया में कल्याणपुर एवं पिपरा विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए डिस्पैच सेंटर का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जायज लिया और वहां उपस्थित मतदान कर्मियों से मिलकर उपलब्ध कराए गए सामग्रियों की जानकारी प्राप्त की। डीएम ने कहा कि मतदान के दिन सभी कर्मी एवं पदाधिकारी टीम भावना से कार्य करेंगे। आपसी सहयोग बनाकर सफलतापूर्वक मतदान संपन्न कराएंगे।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के मानक के अनुरूप निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराने के लिए मतदान केंद्र पर पैरा मिलिट्री फोर्स सहित जिला सशस्त्र बल के जवान तैनात किए गए हैं। सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारी लगातार अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। चुनाव की पारदर्शी व्यवस्था के अंतर्गत जिला के 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। लाइव वेबकास्टिंग की मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर सेंट्रलाइज्ड सिस्टम बनाया गया है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बने हैं । जहां सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए नंबर जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम के जारी नंबर पर मतदान कर्मी अथवा आम मतदाता मतदान से संबंधित सूचना दे सकते हैं। जिसका त्वरित निष्पादन कराया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला के सभी मतदाताओं से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर वोट डालने की अपील की है।












