-लुधियाना में मौत के बाद बिहार पहुंचा मजदूर का शव, गांव में पसरा मातम
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक। पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करने गए बंदरा प्रखंड के हत्था थाना क्षेत्र अंतर्गत पटसारा वार्ड संख्या-8 निवासी 36 वर्षीय अमरजीत महतो का शव गुरुवार को उनके पैतृक गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए।

जानकारी के अनुसार, अमरजीत महतो की 22 जून की रात लुधियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद 23 जून को पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन अब तक मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
गुरुवार शाम शव गांव पहुंचने के बाद देर शाम पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पिता किसन महतो ने नम आंखों से अपने बेटे को मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
अमरजीत कई वर्षों से अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।












