Advertisement

राजापाकर में युवक पर जानलेवा फायरिंग, कान के पास से निकली गोली; थाने में प्राथमिकी दर्ज

–राजापाकर में युवक पर जानलेवा फायरिंग, कान के पास से निकली गोली; थाने में प्राथमिकी दर्ज

राजापाकर। राजापाकर प्रखंड के दक्षिणी पंचायत स्थित कुशवाहा टोला में आपराधिक तत्वों द्वारा एक युवक पर जान मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। गोली कान के बगल से निकल जाने के कारण युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ब्रह्मानंद सिंह, स्वर्गीय सकलदीप सिंह के पुत्र, ने राजापाकर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सूरज कुमार उर्फ कुंदन कुमार (पिता रविंद्र भगत, ग्राम सिरसा बिरन, थाना लालगंज) तथा निशांत कुमार (पिता राकेश सिंह, ग्राम राजापाकर कुशवाहा टोला) ने मिलकर उन पर पिस्तौल से फायरिंग की। गोली कान के पास से गुजरते हुए निकल गई।


ब्रह्मानंद सिंह ने आरोप लगाया कि वह मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घर लौटने पर उन्हें पता चला कि कुंदन कुमार उनकी पुत्री पर गलत नजर रखता है और उसे उठाकर ले जाने की धमकी देता है। विरोध करने पर आरोपित गुस्से में आ गया और जान से मारने की धमकी देने लगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुंदन कुमार आपराधिक प्रवृत्ति का है, अवैध शराब के धंधे में शामिल रहता है तथा असामाजिक तत्वों से उसकी सांठगांठ है। घटना के समय उसके साथ 8–10 अज्ञात युवक भी मौजूद थे।
फायरिंग के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

नोट: ब्रह्मानंद सिंह का फाइल फोटो संलग्न (जिन पर फायरिंग की गई)।