Advertisement

रतवारा-ढोली घाट पुल निर्माण को लेकर आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी,सहयोगियों समेत विधायक लौटे

रतवारा-ढोली घाट पुल निर्माण को लेकर आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी,सहयोगियों समेत विधायक लौटे

बंदरा/मुजफ्फरपुर। दीपक तिवारी।

रतवारा-ढोली घाट पर वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग को लेकर रतवारा चौक स्थित माता सिद्धिदात्री दुर्गा मंदिर परिसर में बुधवार से शुरू आमरण अनशन गुरुवार को भी जारी रहा। दूसरे दिन दोपहर तक अनशनकारियों की संख्या 6 से बढ़कर 13 हो गई है,फिर शाम तक घटकर 8 हो गयी,क्योंकि गायघाट विधायक निरंजन राय अपने सहयोगियों-समर्थकों के साथ आमरण अनशन समाप्ति की घोषणा कर वापस चले गए।इस दौरान उन्हें अनशनकारी समर्थकों-ग्रामीणों के भारी विरोध का भी सामना करना पड़ा।

इससे पहले राजद के प्रदेशाध्यक्ष मंगनीलाल मंडल,मीनापुर विधायक मुन्ना यादव,एमएलसी कारी सोहैब,पूर्व एमएलसी गणेश भारती,राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव,जिला राजद अध्यक्ष रमेश गुप्ता सहित प्रदेश-जिला-प्रखण्ड राजद के दर्जनों नेता-कार्यकर्ता आदि की टीम ने अनशनकारियों को मनाने एवं अनशन तोड़वाने का कई आग्रह किया। लेकिन लोग सीएम,मंत्री,डीएम या सक्षम अधिकारी के बुलाने की मांग पर अड़े थे।इस बीच अनशनस्थल पर नेतृत्वकर्ता रतवारा-ढोली घाट पुल बनाओ आंदोलन के संयोजक श्याम किशोर की तबियत अचानक बिगड़ गयी। सहसंयोजक अवधेश कुशवाहा ने बताया कि सूचना पर पीएचसी से पहुंचे चिकित्सक ने उन्हें स्लाइन चढ़ाया।तभी एसडीओ(पूर्वी)एवं बन्दरा बीडीओ अनशनकारियों को मनाने पहुंचे,लेकिन उन्होंने उनकी बातों को मानने से इंकार करते हुए डीएम को भेजने की मांग की।
अनशनकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक मुख्यमंत्री या जिलाधिकारी स्वयं आकर ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।अधिकारी लौट गए।इस दौरान विधायक ने अपनी टीम के साथ आमरण अनशन स्थगन की घोषणा कर दी।विधायक निरंजन राय ने बताया कि नेतृत्वकर्ता ने कल शर्त रखी थी कि गुरुवार को सत्ताधारी दल के के नेता एवं सांसद आदि 11बजे तक पहुंचेंगे,नहीं आने पर आप जैसा कहेंगे,करेंगे।लेकिन आज शिलान्यास के बाद अनशन तोड़ने की बात पर अड़ गए,जबकि तकनीकी कारणों से तत्काल ऐसा संभव ही नहीं है,ऐसी स्थिति में हमने अनशन स्थगन की घोषणा की है।पुल निर्माण को लेकर सहानुभूति एवं समर्थन उनलोगों के साथ है।
इस बीच सत्ताधारी दल के किसी भी जनप्रतिनिधि के अब तक अनशन स्थल पर न पहुंचने से भी नाराजगी का माहौल दिखा।