-रक्सौल बॉर्डर पर दो उज़्बेकिस्तानी महिलाएं हिरासत में, नेपाल जाने के दौरान एसएसबी ने पकड़ा
पटना/रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सतर्कता के बीच रक्सौल बॉर्डर से दो उज़्बेकिस्तानी महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। दोनों महिलाएं भारत से नेपाल जाने का प्रयास कर रही थीं। प्रारंभिक जांच में उनके यात्रा दस्तावेजों और भारत में ठहरने की वैधता की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक स्थित मैत्री पुल के समीप 47वीं वाहिनी एसएसबी के जवान नियमित जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दो विदेशी महिलाओं को रोककर पूछताछ की गई। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसबी ने दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय मखफूजा देखकोनोवा, निवासी फरगना (उज़्बेकिस्तान) और 35 वर्षीय मफतुना किलिचेवा, निवासी समरकंद (उज़्बेकिस्तान) के रूप में हुई है।

हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। उनके पास मौजूद पासपोर्ट, वीजा, भारत में प्रवेश का रिकॉर्ड, ठहरने की अवधि तथा नेपाल जाने के उद्देश्य समेत सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ाए हुए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।












