Advertisement

मोहर्रम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, उपद्रवियों को दी सख्त चेतावनी

-मोहर्रम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, उपद्रवियों को दी सख्त चेतावनी

मुजफ्फरपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में कांटी और पानापुर करियात थाना क्षेत्र में बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च दामोदरपुर दुर्गा मंदिर के समीप से शुरू होकर रेलवे गुमटी के आगे तक निकाला गया। इसके अलावा चैनपुर-फतेहपुर रोड तथा हरचंदा क्षेत्र में भी पुलिस बल ने पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया।
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मोहर्रम के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सभी समुदाय के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।


उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, पानापुर करियात ओपी प्रभारी सुचित्रा सिंह सहित दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।