-मोतिहारी में डीजे पर पुलिस का शिकंजा, पिपरा कोठी से 24 डीजे साउंड और 6 एम्पलीफायर जब्त
मोतिहारी। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी चंपारण पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले में डीजे बजाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।
नगर और बंजरिया थाना क्षेत्र में कार्रवाई के बाद अब पिपरा कोठी थाना पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र से 24 डीजे साउंड सिस्टम और 6 एम्पलीफायर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ-साथ डीजे बजवाने वालों से भी बांड भरवाया है तथा स्पष्ट चेतावनी दी है कि मुहर्रम के दौरान किसी भी परिस्थिति में डीजे नहीं बजाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा लगातार की जा रही डीजे जब्ती की कार्रवाई से जिले में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी गई है और पुलिस टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।












