Advertisement

मुहर्रम को लेकर राजापाकर पुलिस अलर्ट, विभिन्न क्षेत्रों में निकाला फ्लैग मार्च

-मुहर्रम को लेकर राजापाकर पुलिस अलर्ट, विभिन्न क्षेत्रों में निकाला फ्लैग मार्च

राजापाकर (वैशाली)। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजापाकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में बुधवार शाम थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों एवं गांवों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठ के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने एतवार हाट, भुवनेश्वर चौक, पुरानी बाजार, हाई स्कूल चौक, शनिचर हाट, भलुई, बैकुंठपुर, बरियारपुर, बाकरपुर, जफरपट्टी और बखरी सहित कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।


थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठ ने बताया कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए फ्लैग मार्च किया गया है। उन्होंने आम लोगों से पर्व को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सभी लाइसेंसधारी एवं कमेटी के सदस्यों के लिए अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल, एसआई सुमित कुमार, एएसआई सजीवन पासवान, मिथिलेश कुमार, पीएसआई विक्रम कुमार भगत, रेशम राज काजी समेत थाना में पदस्थापित सभी पुलिसकर्मी एवं महिला सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।