Advertisement

मुजफ्फरपुर: विरमन एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र भी अटका रहा चयनित शिक्षकों के योगदान में रोड़ा

-विरमन एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र भी अटका रहा चयनित शिक्षकों के योगदान में रोड़ा

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।

एक ओर बिहार विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों को अविलंब योगदान के निर्देश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर विरमन एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारणों से भी प्रखण्ड एवं आसपास के कई शिक्षकों का योगदान संभव नहीं हो पा रहा है।
बन्दरा प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्र के कई शिक्षकों का बताना है कि उन लोगों का हाई स्कूल एवं प्लस टू विद्यालयों के लिए चयन हुआ है।अविलंब चयनित विद्यालय में योगदान के निर्देश भी हैं, लेकिन संबंधित विद्यालय में जॉइनिंग से पहले सरकार के निर्देशानुसार उन लोगों को वीरमन पत्र एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र भी जमा करने का निर्देश है। इसके लिए दोनों प्रमाण पत्रों की जरूरत है और इसके लिए वे लोग 17 तारीख से प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाकर लौट रहे हैं। कभी कुछ तो कभी कुछ टालमटोल की वजहों से उन लोगों के लौटने की मजबूरी बन रही है।

राहुल, रामकुमार, सुजीत, शत्रुघ्न सहित कई शिक्षकों का बताना है कि मंगलवार की शाम तक भी वे लोग प्रखंड में प्रमाण पत्र के लिए बैठे रह गए।घण्टों इंतज़ार के बाद बताया गया कि डीएम के स्तर से इसका निष्पादन किया जाना संभव है। इसके बाद बुधवार को जिला कार्यालय पहुंचे।हालांकि यहां भी आज प्रमाण पत्र नहीं मिल सके। चयनित शिक्षकों ने बताया कि ऐसे में उन लोगों का संबंधित विद्यालय में ससमय जॉइनिंग संभव नहीं हो सका है।वे लोग पहले सोमवार,मंगलवार और फिर बुधवार को योगदान करना चाहते थे,लेकिन प्रमाण पत्र के अभाव में रोड़ा अटका है। हालांकि अंतिम तिथि 30 नवंबर तक का है, लेकिन लगातार टालमटोल से वे लोग परेशान हैं।शिक्षकों ने बताया कि चयनित पंचायत शिक्षक को पंचायत से तथा प्रखण्ड शिक्षक को प्रखण्ड नियोजन इकाई से यह प्रमाण पत्र निर्गत किया जाना है।