Advertisement

मुजफ्फरपुर में स्कूल प्रिंसिपल ने शिक्षिका से रचाई शादी, अपहरण का आरोप; वीडियो में महिला बोली– अपनी मर्जी से की शादी

–मुजफ्फरपुर में स्कूल प्रिंसिपल ने शिक्षिका से रचाई शादी, अपहरण का आरोप; वीडियो में महिला बोली– अपनी मर्जी से की शादी

पटना/मुजफ्फरपुर।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने अपने ही स्कूल की 28 वर्षीय मुस्लिम शिक्षिका से शादी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल बन गया है। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूल संचालक व प्रिंसिपल राकेश शाह, जो पहले से शादीशुदा हैं और चार बच्चों के पिता बताए जा रहे हैं, उन्होंने अपनी स्कूल की शिक्षिका शाइस्ता प्रवीण के साथ नेपाल के जनकपुर जाकर विवाह कर लिया।
शादी के बाद मामले ने नया मोड़ तब लिया जब महिला के भाई ने औराई थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसकी बहन का अपहरण कर जबरन शादी करवाई गई है। शिकायत में राकेश शाह, उनकी पत्नी और बेटी समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। भाई ने अनहोनी की आशंका भी जताई है।


हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शाइस्ता प्रवीण ने कहा है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। उसने दावा किया कि दोनों की सहमति से वर्ष 2025 में विवाह हुआ है और वह सुरक्षित है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। दो समुदायों के बीच संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन जांच तेज कर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से तीन लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल्स खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मामला प्रेम विवाह का है या जबरदस्ती का। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।