Advertisement

मुजफ्फरपुर में डायल 112 सेवा को और प्रभावी बनाने की कवायद, एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

-मुजफ्फरपुर में डायल 112 सेवा को और प्रभावी बनाने की कवायद, एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

मुजफ्फरपुर। जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा को और तेज व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने डायल 112 सेवा की समीक्षा बैठक की। बैठक में सेवा संचालन, तकनीकी चुनौतियों तथा रेस्पांस टाइम को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जिले में डायल 112 की टीम का औसत रेस्पांस टाइम 7 से 9 मिनट के बीच है। एसएसपी ने इसे और बेहतर करने का निर्देश देते हुए कहा कि हर कॉल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।

डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था:

डायल 112 सेवा को और पारदर्शी बनाने के लिए अब थानेदारों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से वे 112 वाहनों के मूवमेंट और उनके कार्यों की डिजिटल मॉनिटरिंग कर सकेंगे। इससे गश्ती व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई पर नजर रखना आसान होगा।

पूर्व सैनिक निभा रहे अहम भूमिका:

बैठक में बताया गया कि जिले में डायल 112 वाहनों पर लगभग 175 पूर्व सैनिक तैनात हैं, जो पुलिस के साथ मिलकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष पहल:

एसएसपी ने निर्देश दिया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे डायल 112 पर कॉल करके घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा 112 की गाड़ियां अपने क्षेत्र में खाली समय में बुजुर्ग दंपत्तियों के घर जाकर उनका हाल-चाल भी लेंगी।

मुख्यालय का सख्त निर्देश:

उप महानिरीक्षक स्तर से भी डायल 112 सेवा का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सेवा की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो।
बैठक में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने क्षेत्रवार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।