मुजफ्फरपुर: बन्दरा के लोहरखा घाट पर डूबा नाव,1 की मौत;बाकी सवार निकले
-कई सालों से यहां होती रही है पुल निर्माण की मांग
-रात के अंधेरे में भी टॉर्च जलाकर शव को निकालने एवं पोस्टमार्टम में भेजने की हुई कार्यवाई
दीपक तिवारी।मुजफ्फरपुर।
जिले के हत्था थाना क्षेत्र के लोहरखा में बागमती नदी की उपाधारा में नौका सवार जीतन कुमार (32)की मौत नदी में डूबने से हो गई,2 अन्य लोग इस दौरान निकलने में सफल रहे। बताया जाता है कि मृतक जीतन कुमार शनिवार की शाम ग्रामीण श्रवण कुमार एवं ब्रजेश कुमार के साथ नदी पार से घास लाने नाव से जा रहे थे। इसी दौरान बागमती नदी की उप धारा में लोहरखा घाट पर नाव पलट गई। हादसे के दौरान 2 सहयात्री ग्रमीण युवक निकल गए, लेकिन जीतन कुमार की नदी में डूबने से मौत हो गई। लोगों का बताना था कि जीतन कुमार को तैरने नहीं आ रहा था।हादसे की सूचना मिलते हीं परिजनों में चीखपुकार मच गई।स्वजनों एवं ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई
घटना की सूचना तत्काल हत्था थाना पुलिस एवं बन्दरा अंचल के अधिकारी को दी गई। बन्दरा अंचल अधिकारी अंकुर राय ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजा गया है।आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि 4-5लोग नाव पर सवार होकर नदी पार जा रहे थे।इसी दौरान नाव डूब गई।बाकी लोग सुरक्षित निकल गए,लेकिन एक की डूबने से मौत हो गयी।उन्होंने बताया कि शव को नदी से निकलवाने एवं पोस्टमार्टम में भेजने की कार्यवाई की जा रही है। घटना के बाद हत्था थाना अध्यक्ष शशि रंजन सहयोगी सशस्त्र पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए मेडिकल भेजने की कार्रवाई की गई। रात के अंधेरे होने के बावजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही। टॉर्च जलाकर पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी को आवश्यक कागजी एवं अन्य कार्रवाई करनी पड़ी।
ग्रामीणों में दिखा आक्रोश:
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का बताना था कि बागमती नदी की उपधारा लोहरखा घाट पर कई सालों से पुल निर्माण की मांग की जा रही है। कई मौकों पर स्थानीय विधायक एवं सांसद के द्वारा पुल निर्माण को लेकर आश्वासन भी मिलते रहे। पिछले 4 साल से स्थानीय विधायक कई पुल निर्माण कराने की घोषणा एवं दिलाशा देते रहे हैं,लेकिन धरातल पर इस दिशा में अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। लिहाजा यहां नौका से ही लोग नदी पार कर आवागमन करते हैं।ऐसे में अक्सर कई तरह की परेशानी लोगों को होती है।
















