Advertisement

मुजफ्फरपुर पुलिस केंद्र में 303 प्रशिक्षु सिपाहियों का दीक्षांत परेड संपन्न, उत्कृष्ट जवान और प्रशिक्षक हुए सम्मानित

-मुजफ्फरपुर पुलिस केंद्र में 303 प्रशिक्षु सिपाहियों का दीक्षांत परेड संपन्न, उत्कृष्ट जवान और प्रशिक्षक हुए सम्मानित

मुजफ्फरपुर। पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर में मंगलवार को 2025 बैच के 303 प्रशिक्षु सिपाहियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु सिपाहियों ने परेड के दौरान अपनी शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी नवप्रशिक्षित जवानों ने राष्ट्र, संविधान और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में तिरहुत क्षेत्र के डीआईजी चंदन कुशवाहा, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, एसएसपी रेल बीना कुमारी, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसपी ग्रामीण राजेश कुमार सिंह प्रभाकर तथा डीएसपी साइबर-सह-उप प्राचार्य हिमांशु कुमार सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नवप्रशिक्षित सिपाहियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मानवाधिकारों का सम्मान करने, निष्पक्ष पुलिसिंग और जनसेवा के मूल्यों के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा दी।


दीक्षांत परेड समारोह के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रशिक्षु जवानों को पुरस्कृत किया गया। कैमूर जिले के प्रशिक्षुओं ने सर्वाधिक आठ पुरस्कार अपने नाम किए। कैमूर के अभिषेक कुमार को ‘अंतः विषय एवं ओवरऑल’ श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्होंने ‘नाटक’ विधा में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरी उपलब्धि हासिल की।
समारोह में प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह के साथ ही 303 नवप्रशिक्षित सिपाही बिहार पुलिस बल में सेवा देने के लिए तैयार हो गए, जो भविष्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।