मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
लोक सभा आम निर्वाचन 2024 के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयरहित सम्पन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी, श्री सुब्रत कुमार सेन द्वारा प्रदत निदेश के अनुरूप सेक्टर पदाधिकारी का प्रशिक्षण रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर पदाधिकारी को बिल्कुल पक्षपात रहित रहकर निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत दिशा निर्देश के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारी को प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर द्वारा बताए जा रहे कार्य एवं दायित्व के बारे में ध्यान से जानकारी प्राप्त करने तथा उसे व्यवहारिक रूप में शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस संबंध में चुनाव संबंधी बुकलेट का अध्य्यन करने तथा क्या करें एवं क्या नही करें संबंधी नियमों/प्रावधानों के अनुरूप कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। सेक्टर पदाधिकारी की महती भूमिका को रेखांकित करते हुए जिलाधिकारी ने सेक्टर पदाधिकारी के चुनाव पूर्व जबावदेही, मतदान के तिथि के पूर्व जबावदेही, मतदान के तिथि की जबावदेही तथा मतदान की समाप्ति के उपरान्त के कार्य के संबंध में आयोग द्वारा दिये गये निर्देश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री पवन कुमार सिंह, एवं श्री नीरज कुमार द्वारा रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में सभी कोषांगो के नोडल पदाधिकारी की उपस्थिति में कुल 388 सेक्टर पदाधिकारी को प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर द्वारा सभी सेक्टर पदाधिकारी को उनके मौलिक कार्य एवं दायित्व से अवगत कराते हुए उन्हें चुनाव पूर्व जबावदेही के तहत मतदान केन्द्र तक पहुॅच पथ का निरीक्षण करना, मतदान केन्द्र का व्यापक प्रचार-प्रसार करना, मतदान केन्द्र के आस-पास के 05 वैसे व्यक्तियों का मोबाईल नम्बर एकत्रित करना जिनका किसी भी राजनैतिक दल से संबद्धता न हो, आदर्श आचार संहिता का दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित कराना, अपने क्षेत्रान्तर्गत मतदान केन्द्रों पर ए.एम.एफ. के तहत शौचालय, पेयजल, रैम्प, बिजली, पानी आदि की सुविधा सुनिश्चित कराने संबंधी तथ्यों से अवगत कराया गया। साथ ही मतदाताओं के बीच मतदान के प्रति विश्वास जागृत करने हेतु संबद्ध पुलिस पदाधिकारी के साथ मतदान क्षेत्र का भ्रमण करना तथा वैसे गांव टोलों, मतदाताओं के समूह, परिवार, व्यक्ति की पहचान करना जो चुनाव को भयाक्रांत कर या धमकी देकर प्रभावित कर सकते हैं।
मतदान के तिथि की पूर्व जबावदेही के तहत सेक्टर पदाधिकारी का कार्य यह सुनिश्चित करना होता है कि मतदान दल एवं मतदान सामग्री मतदान केन्द्र पर पहुॅच गये हैं। पुलिस बल मतदान केन्द्र पर पहुॅच चुके है इसकी जानकारी देना होता है। साथ ही ई.वी.एम./वी.वी.पैट संबंधी अंतिम क्षण के किसी प्रकार की शंका-दुविधा को मतदान दल को दूर करना।

मतदान के तिथि की जबावदेही के तहत मतदान प्रारंभ होने के समय के एक घंटे पूर्व माॅक पाॅल सुनिश्चित कराना तथा कन्ट्रोल रूम को सूचित करना। इसके अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा कन्ट्रोल रूम से समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समयावधि तक स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त, श्री आशुतोष द्विवेदी, नगर आयुक्त श्री नवीन कुमार, अपर समाहर्ता राजस्व श्री संजीव कुमार, अपर समाहर्ता आपदा श्री मनोज कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार सहित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी उपस्थित थें।












