Advertisement

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय–पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली निर्माणाधीन टनल का किया निरीक्षण, शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

-मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय–पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली निर्माणाधीन टनल का किया निरीक्षण, शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

पटना, 27 दिसंबर।दीपक।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली निर्माणाधीन म्यूज़ियम सब-वे टनल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को टनल निर्माण की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित इस टनल के संबंध में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को बेहतर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल के बन जाने से बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय के प्रदर्शों का अवलोकन पर्यटक एक स्थान से दूसरे स्थान पर आसानी से कर सकेंगे, जिससे पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसे ध्यान में रखते हुए पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि टनल का निर्माण इस प्रकार हो कि नेहरू पथ पर आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण से पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास एवं ऑफिसर्स हॉस्टल कैम्पस के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से बताया कि यहां 11 मंजिला भवन का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें सोलर पार्किंग शेड, ओपन पार्किंग, क्लब हाउस सहित आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। परिसर में पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने स्ट्रक्चर को हटाकर सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जाना सरकार की प्राथमिकता रही है। नेहरू पथ के किनारे इस इमारत के बन जाने से आवासन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का परिभ्रमण कर विभिन्न प्रदर्शों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रथम तल पर नालंदा महाविहार, सांची स्तूप से संबंधित चित्र प्रदर्शनी तथा बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर की परिक्रमा पर आधारित 3-डी चलचित्र को देखा। बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह ने नए प्रदर्शों, पर्यटकों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था एवं संग्रहालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।