-महिला हितैषी पंचायत के संकल्प के साथ मनाया गया पंचायत विकास दिवस
-डीएम ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का किया आह्वान
मुजफ्फरपुर। जिले के कुढ़नी प्रखंड के सकरी सरैया पंचायत में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने शिरकत कर सरकार द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम “महिला हितैषी पंचायत” को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतों के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि पंचायत के विकास कार्यों में महिलाओं को अधिक से अधिक अवसर दें तथा उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना पंचायतों का समावेशी और सतत विकास संभव नहीं है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महिलाओं की भूमिका अहम है। इस अवसर पर पंचायत के विकास, जनसहभागिता और महिला सशक्तिकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पंचायत विकास दिवस के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और गांवों के समग्र विकास का संकल्प दोहराया गया।












