Advertisement

मयूरभंज छऊ नृत्य ने मोहा मन, जनकपुरधाम में गूंजीं तालियां

-मयूरभंज छऊ नृत्य ने मोहा मन, जनकपुरधाम में गूंजीं तालियां

जनकपुरधाम। रविवार की रात महेंद्र नारायण निधि सांस्कृतिक केंद्र के सभागार में भारतीय राजदूतावास और भारतीय बाणिज्य महादूतावास, वीरगंज के सहयोग से आयोजित मयूरभंज छऊ नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ओडिशा के मयूरभंज जिले से आए कलाकारों ने कुशेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में इस पारंपरिक नृत्य को प्रस्तुत किया।

इस नृत्य में जंगल के हिंसक पशुओं (बाघ, सिंह) के गांव पर हमले, राजा के आदेश, बनदेवी की पूजा, खेती-बाड़ी और मछली शिकार जैसी झलकियां दिखाई गईं। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और उनका उत्साहवर्धन किया।

नेपाल-भारत सांस्कृतिक संबंधों पर जोर:

कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल और भारत के राष्ट्रगान से हुई। इस अवसर पर भारतीय बाणिज्य महादूत देवी सहाय मीना ने मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह, सभापति राम चंद्र मंडल और शिक्षा व संस्कृति मंत्री रानी शर्मा को गुलदस्ता और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल का रिश्ता त्रेता युग से रोटी-बेटी के संबंधों पर आधारित है। उन्होंने नेपाल में पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि यदि भारत की 1% आबादी नेपाल घूमने आए और उसका आधा भाग जनकपुरधाम आए, तो यहां का व्यापार तेजी से बढ़ेगा।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति:

इस भव्य आयोजन में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व गवर्नर हरिशंकर मिश्र, पूर्व मंत्री सुरीता साह, विधायक किरण साह, पूर्व मेयर बजरंग साह, मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष जीव नाथ चौधरी, मधेशवादी नेता रमन पांडेय, उद्योगपति मनीष रमण साह सहित कई अधिकारी, शिक्षाविद और व्यवसायी शामिल थे। मंच संचालन उप महाबाणिज्य दूत तरुण कुमार ने किया।

#MayurbhanjChhau #CulturalExchange #Janakpur #IndiaNepal #OdishaDance #NepalTourism #Madhesh #TraditionalArt