Advertisement

भूसरा धाम में धूमधाम से मना बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज का जन्मोत्सव

-भूसरा धाम में धूमधाम से मना बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज का जन्मोत्सव

मुजफ्फरपुर/गायघाट। गायघाट प्रखंड स्थित भूसरा धाम में श्री श्री 108 बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज का जन्मोत्सव एवं पूजनोत्सव शनिवार को श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के बाद प्रथम शनिवार को आयोजित वार्षिक समारोह में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर में भव्य मेले, महाप्रसाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंदिर अध्यक्ष डॉ. ननुक कुमार गुप्ता ने बताया कि भूसरा में बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज मंदिर की स्थापना पिछले वर्ष की गई थी। इस वर्ष मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर विशेष रूप से जन्मोत्सव एवं पूजनोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर भूसरा चौक से करीब 500 मीटर पूरब एनएच-527 के किनारे स्थित है।


मंदिर के मीडिया प्रभारी गुड्डू कुमार गुप्ता ने बताया कि यहां पिछले दो वर्षों से बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज के जन्मोत्सव के साथ भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज को कानू समाज के कुलदेवता के रूप में पूजा जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों में उनके कई मंदिर हैं। बाबा का जन्मस्थल वैशाली जिले के महनार स्थित पलवैया धाम को माना जाता है।
भूसरा में मंदिर स्थापित होने से स्थानीय श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए अब दूर वैशाली के पलवैया धाम नहीं जाना पड़ता है। जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया और महाप्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान मंदिर कमेटी के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।