Advertisement

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, 27 मार्च को होगा सामूहिक विवाह

–भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, 27 मार्च को होगा सामूहिक विवाह

राजापाकर/हाजीपुर, संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलहारा बाजार में आयोजित 9 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान सह सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रीमन नारायण सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
कलश यात्रा में 1001 महिलाओं एवं कुंवारी कन्याओं ने हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे के साथ भाग लिया। यात्रा हाजीपुर के कौनहारा गंगा घाट पहुंची, जहां आचार्य पूज्य पंकज शास्त्री जी महाराज ने विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना कर कलश में पवित्र गंगाजल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए फुलहारा बाजार स्थित यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां मंत्रोच्चार के बीच यज्ञशाला की पांच बार परिक्रमा कर कलश स्थापित किया गया।
बताया जाता है कि पिछले दो वर्षों से ग्रामवासियों के सहयोग से इस पावन स्थल पर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह कार्यक्रम 22 मार्च से 30 मार्च तक चलेगा। खास बात यह है कि 27 मार्च, रामनवमी के अवसर पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।


प्रत्येक दिन संध्या 5 बजे से श्रीधाम वृंदावन के प्रख्यात कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के परम शिष्य पूज्य पंकज शास्त्री जी महाराज द्वारा कथा प्रवचन किया जाएगा। साथ ही वृंदावन से आए कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेंगे।
यज्ञ स्थल पर भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां झूले, सौंदर्य प्रसाधन एवं मिठाइयों की दुकानों से रौनक बढ़ गई है। इसके अलावा 51 देवी-देवताओं की आकर्षक मूर्तियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में यज्ञ समिति के अध्यक्ष रामबाबू राय सहित परीक्षण सिंह, राजेश कुमार, रंजन, अशर्फी राय, उदय कुमार, पंकज कुमार, अनिल कुमार, विजय पासवान, रंजीत सिंह, भगवान लाल साह, रंजीत जायसवाल, मीडिया प्रभारी कालेश्वर कुमार, रंजीत सोनी, धर्मेंद्र कुमार एवं रंजीत चौधरी सहित कई गणमान्य लोगों की अहम भूमिका रही।