Advertisement

भरत भूषण तिवारी मामले में परिजनों से मिले प्रशांत किशोर, न्याय की मांग को लेकर महापंचायत में हुए शामिल

-भरत भूषण तिवारी मामले में परिजनों से मिले प्रशांत किशोर, न्याय की मांग को लेकर महापंचायत में हुए शामिल

भोजपुर, 24 जून 2026। दीपक कुमार तिवारी। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बुधवार को भोजपुर जिले के शाहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की। परिजनों से मिलने के बाद उन्होंने गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सह महापंचायत सभा में भी भाग लिया और भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने पूरे मामले में पुलिस और सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को पूरी तरह से गलत तरीके से संभाला है। समाज के दबाव के बाद अब छोटे अधिकारियों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि पीड़ित परिवार केवल न्याय चाहता है।
उन्होंने कहा कि न्याय का अर्थ केवल थाना प्रभारी के निलंबन या डीएसपी पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। न्याय तभी होगा जब उन लोगों की भी जांच और कार्रवाई होगी जिन्होंने कथित रूप से हत्या का आदेश दिया और पूरी घटना को अंजाम दिलाने में भूमिका निभाई। प्रशांत किशोर ने कहा कि भरत भूषण तिवारी केवल अपनी लड़ाई नहीं लड़ रहे थे, बल्कि गंगा कटाव से विस्थापित हुए जमुनिया गांव के दर्जनों परिवारों के लिए बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे थे।


इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान को भी असंवेदनशील बताते हुए आलोचना की। पीके ने कहा कि पुलिसिंग का मतलब गोली चलाना नहीं, बल्कि समाज की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि यदि रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो समाज को आगे आकर आवाज उठानी पड़ती है। उन्होंने दावा किया कि भरत तिवारी का परिवार अकेला नहीं है और पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
प्रशांत किशोर ने न्यायिक जांच की घोषणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच कौन करेगा, उसकी सीमा क्या होगी और क्या इसमें गृह विभाग, एसटीएफ अधिकारियों तथा कथित रूप से कार्रवाई का आदेश देने वाले जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच होगी। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।