–भच्छी में 4 करोड़ से बना मॉडल हाई स्कूल अब तक बंद, समाजसेवी कालीचरण यादव ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
दरभंगा।
जिले के बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत भच्छी पंचायत में वर्षों से बंद पड़े मॉडल हाई स्कूल को चालू कराने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी कालीचरण यादव ने रविवार को हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय को जल्द शुरू कराने की मांग की।
सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि वर्ष 2014 में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से स्कूल भवन और अन्य आधारभूत संरचनाएं बनकर तैयार हो चुकी हैं, लेकिन अब तक स्कूल का संचालन शुरू नहीं हो सका है। भवन पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।
समाजसेवी कालीचरण यादव ने कहा कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिया, यहां तक कि प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इसके बावजूद स्कूल में पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई।

ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि बंद पड़े मॉडल हाई स्कूल के भवन का निरीक्षण कराया जाए, पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालय को स्मार्ट क्लास और लैब जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस कर जल्द से जल्द चालू किया जाए।
वहीं विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से बात कर विद्यालय को शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया है। कालीचरण यादव ने कहा कि स्कूल खुलने से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा और अभिभावकों को राहत ।












