-बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि से तबाह फसल, 75% नुकसान का दावा; मुखिया ने मुआवजे की उठाई मांग
दीपक कुमार | गायघाट
शनिवार को शिवदाहा पंचायत में मुखिया गणेश ठाकुर के नेतृत्व में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद किसानों ने बताया कि अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं और मक्के की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।

मुखिया गणेश ठाकुर ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण करीब 75 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो चुकी है, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रखंड कृषि विभाग से मांग की कि जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि समय रहते किसानों को राहत नहीं मिली, तो आगे आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर राहत पहुंचाने की अपील की है।











