-बेटे की शादी में डांस कर रहे पिता के बैग से 11 लाख की चोरी
-सीसीटीवी के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। बेटे की शादी की खुशियों के बीच एक परिवार को बड़ा झटका लगा, जब डांस के दौरान किसी शातिर चोर ने पिता के बैग से करीब 11 लाख रुपये की नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया-दादर रोड स्थित आयुष्मान विवाह भवन का है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी विजय महासेठ के बेटे की शादी थी। रविवार रात करीब 11 बजे बारात आयुष्मान विवाह भवन पहुंची। मैरिज हॉल में डीजे की धुन पर बाराती और रिश्तेदार नाच रहे थे। इसी दौरान बेटे की शादी की खुशी में विजय महासेठ भी डांस करने लगे। आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर चोर ने उनके बैग की चेन खोलकर उसमें रखी नकदी और जेवरात चोरी कर लिए।

कुछ देर बाद बैग की जांच करने पर चोरी का पता चला, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने बताया कि बैग में 2 लाख रुपये नकद और करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण थे। चोरी हुए गहनों में दुल्हन के लिए बनवाए गए नथ, टीका, कान की बाली, मंगलसूत्र, ढोलना और अंगूठी शामिल हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विवाह समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग और मैरिज हॉल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें संदिग्ध की पहचान हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अहियापुर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और चोरी गई नकदी एवं आभूषणों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।












