-बीपीएससी सात दिसंबर से पहले जारी करेगा 4700 शिक्षकों का परिणाम, इन अभ्यर्थियों का आएगा परिणाम
पटना।सम्वाददाता।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को प्रथम अध्यापक नियुक्ति परीक्षा में शामिल 4,700 अभ्यर्थियों का सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी करने के लिए शिक्षा विभाग से पत्र प्राप्त हुआ है। आयोग के अधिकारियों के अनुसार शिक्षा विभाग ने 4700 ऐसे अभ्यर्थियों की सूची भेजी है, जो दो या अधिक पदों पर सफल हुए हैं।
उनके द्वारा स्वेच्छा से एक पद ग्रहण करने के बाद रिक्त चार हजार 700 पदों के लिए प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों का परिणाम मांगा है। आयोग ने सात दिसंबर से होने वाली द्वितीय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा से पहले इनका परिणाम जारी कर देने का लक्ष्य रखा है। प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक के लिए अलग-अलग परिणाम जारी किया जाएगा।
एक लाख 20 हजार 336 का जारी हुआ था परिणाम
प्रथम चरण के एक लाख 70 हजार 463 पदों के लिए लगभग आठ लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें एक लाख 20 हजार 336 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। सप्लीमेंट्री परिणाम में उन अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया जाएगा, जिनकी रैंक सफल अभ्यर्थियों से नीचे रही है।

कक्षा एक से पांच तथा कक्षा नौ व 10 में अधिक सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी होगा। शिक्षा विभाग के अनुसार 90 हजार सफल अभ्यर्थियों ने स्कूलों में योगदान दे दिया है। नियोजित शिक्षकों का योगदान अपेक्षाकृत कम रहा है।
वहीं, द्वितीय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा के आधार पर एक लाख 22 हजार पदों पर नियुक्ति होनी है। परीक्षा सात से 15 दिसंबर तक विभिन्न तिथियों को निर्धारित है। इसमें शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र शुक्रवार को जारी किया जा सकता है।















