Advertisement

बीएन कॉलेज में बमबाजी पर भड़के राज्यपाल

-बीएन कॉलेज में बमबाजी पर भड़के राज्यपाल

-कुलपति से मांगी रिपोर्ट – दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पटना।संवाददाता।

पटना बीएन कॉलेज में हुई बमबाजी और छात्र की मौत की घटना पर शनिवार को बिहार के राज्यपाल और विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान ने सख्त रुख अपनाया। नारद जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस मामले को गंभीरता से उठाया और पटना विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।

राज्यपाल ने कहा, “जब मैंने बिहार में राज्यपाल पद की शपथ ली थी, तब भी इसी तरह की घटना हुई थी। मैंने उस समय कुलपति से रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अब चार–पांच महीने बीत जाने के बावजूद रिपोर्ट नहीं सौंपी गई।” उन्होंने बताया कि जब इस पर कुलपति से दोबारा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “रिपोर्ट तैयार हो रही है।”

कार्यक्रम के बाद राज्यपाल सीधे पटना बीएन कॉलेज पहुंचे। उनके अचानक दौरे से कॉलेज परिसर और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और मौके पर सिटी एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने कॉलेज परिसर और पटना विश्वविद्यालय के छात्रावासों में फैली अव्यवस्थाओं, विशेष रूप से अवैध कब्जों को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बमबाजी और छात्र की मौत की घटना की जांच के लिए अनुशासन समिति गठित करने के निर्देश दिए और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल विस्तृत रिपोर्ट तलब की।

घटना का विवरण:

कुछ दिन पहले बीएन कॉलेज परिसर में दो छात्र गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान बमबाजी की घटना हो गई। इसमें इतिहास का छात्र सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुजीत कुमार रोहतास जिले का निवासी था।

पुलिस की कार्रवाई:

पुलिस ने मुख्य आरोपी को गया जिले के सांडा से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा बीएन कॉलेज हॉस्टल से दो पूर्व छात्रों को भी पकड़ा गया है, जो जहानाबाद के निवासी हैं।

राज्यपाल की टिप्पणी:

“पटना विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल को सुधारना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी,” राज्यपाल ने कहा।

#BNCollegeBombBlast #PatnaUniversity #BiharGovernor #StudentViolence #LawAndOrder #ArifMohammadKhan #NaradJayanti #CollegeCrime #StudentSafety