-6ठे चरण के मतदान को लेकर बिहार में बूथों पर उमड़ा वोटरों का हुजूम
पटना(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।
लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में बिहार की 8 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है. वाल्मीकिनगर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज संसदीय क्षेत्र में सुबह 7 बजे से मतदान कार्य शुरू कर दिए गए. वहीं इन संसदीय क्षेत्र के वोटरों में बेहद उत्साह देखा गया. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगने लगी.
बिहार में छठे चरण का मतदान शनिवार को शुरू हो चुका है. आठ लोकसभा क्षेत्र के कुल 86 उम्मीदवारों के भाग्य का आज फैसला हो जाएगा. यहां के 1 करोड़ 49 लाख से अधिक मतदाताओं के हाथाें में इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला है. सुबह 7 बजे से मतदान शुरू कराया गया. बड़ी तादाद में मतदाता सुबह 6 बजे से ही मतदान केंद्र पहुंचे और कतार में खड़े हो गए.

बिहार की आठ सीटों पर मतदान हो रहे हैं. छठे फेज के चुनाव में 71 लाख से अधिक महिला वोटर अपने मताधिकार का प्रयाेग करेंगी. यानी आधी आबादी के पास इन प्रत्याशियों की किस्मत तय करने की बड़ी भूमिका होगी. सुबह 6 बजे से ही महिला मतदाताएं बड़ी तादाद में बूथों पर पहुंचने लगीं. घूंघट में भी महिलाएं वोट डालने पहुंच रही हैं.












