Advertisement

बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 12 जिलों में ऑरेंज और 26 में यलो अलर्ट जारी

-बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 12 जिलों में ऑरेंज और 26 में यलो अलर्ट जारी

पटना।ब्यूरो।
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे पूरे राज्य में अस्थिरता का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्यभर में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाएं और क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त प्रभाव से यह स्थिति बनी है। इन कारकों के कारण वातावरण में नमी और अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मौसम का असर ज्यादा गंभीर रहने की संभावना है। इन इलाकों में तेज आंधी, भारी बारिश, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। पटना, नालंदा, गया, नवादा, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया समेत कई जिले इस दायरे में हैं।


वहीं यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद समेत कई जिलों में मौसम का असर अपेक्षाकृत कम रहेगा, लेकिन अचानक बदलाव की स्थिति बनी रह सकती है।
राजधानी पटना में भी दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने के आसार हैं। तेज हवाओं के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा। हालांकि तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है और आज व कल इसका प्रभाव अधिक रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और वज्रपात के समय खुले स्थानों, पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहें।
किसानों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। तैयार फसलों को जल्द सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में रखी उपज को ढंककर बचाव करने की अपील की गई है।
मौसम के इस बदलाव ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं संभावित नुकसान को लेकर चिंता भी बढ़ा दी है। प्रशासन और मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।