–बिहार दिवस : स्कूली छात्र- छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से खूब वाहवाही बटोरी
– जिलाधिकारी ने कलाकारो को किया सम्मानित, गजल और कथक नृत्य ने समां बांधा
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
बिहार दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के तत्त्वावधान मे रविवार को शहर के महात्मा गाॅधी ऑडिटोरियम मे रंगारंग सांस्कृतिक समारोह का आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न सरकारी विधालय के प्रतिभावान छात्र-छात्रो एवं जिले के नामवर कलाकारो ने आकर्षक, मनोहारी व नयनाभिराम गीत- नृत्य से अद्भुत छटा बिखेर दी।
इस अवसर पर एम. जे. के. गर्ल्स इंटर कॉलेज, प्रभावती गुप्ता गर्ल्स इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गाॅधी बालिका विद्यालय मेहसी, पताही एवं कोटवा तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरियारपुर व , सिहुलिया ( रामगढ़वा) एवं तिरहुत उच्च माध्यमिक विद्यालय, मेहसी के छात्र- छात्राओ ने बिहार गौरव गान, गुरु- वंदना, देशभक्ति, पारंपरिक लोक गीत तथा छठ महापर्व से जुड़े गीतो पर भावपूर्ण समूह नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को सार्थक बना डाला। खूबसूरत परिधान व रुप सज्जा के साथ बेहतरीन कोरियोग्राफरो द्वारा तैयार समूह नृत्य मे स्कूली बच्चो ने अपनी प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन किया।
वहीं कथक नर्तक रामभजू निराला के प्रतिभावान शिष्य उभरते कथक नर्तक सौरभ कुमार ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को अचंभित कर दिया। सौरभ ने अपने नृत्य का आगाज उठान, ठाट और सलामी से किया। तबले पर उनके साथ रविशंकर पाठक ने शानदार संगति की। हारमोनियम पर गुरु रामभजू निराला ने साथ दिया। फिर, राष्ट्रीय युवा उत्सव मे तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके बनारस घराने के प्रसिद्ध गायक विवेक शिरोमणी ने शास्त्रीय राग ‘मारु विहाग’ पेश किया।

तबले पर युवा तबलावादक अनुराग मिश्र ने उनके साथ संगत की। वहीं दिल्ली मे संगीत का प्रशिक्षण ले रहीं चंपारण की युवा कलाकार सुश्री अदिति झा के गायन की प्रस्तुति की और अपने सुरीली आवाज मे गजलें एवं लोकगीत प्रस्तुत कर महौल को सुरमई बना डाला।
राज्य स्तरीय गायक संजय उपाध्याय ने अपनी सधी आवाज मे गज़ल और लोकगीत गाकर दर्शको की खुब तालियां बटोरी। अंत मे बिहार स्तरीय युवा उत्सव मे तृतीय स्थान प्राप्त कर चुके बेहतरीन गायक मुकेश कुमार द्विवेदी ने गजल व सूफियाना अंदाज मे कई गीत सुनाकर सांगीतिक शाम को नयी ऊंचाई दी।
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम मे भाग लेने वाले स्कूली छात्र- छात्राओ को मेमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
वरीय संस्कृतिकर्मी संजय कुमार पाण्डेय एवं अभय अनंत को अंगवस्त्रम् व मेमेंटो से सम्मानित किया गया। समारोह संचालन एम एस काॅलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार एवं बिनोद तिवारी ने किया।
मौके पर जिला सामान्य प्रशाखा पदादिकारी निधि कुमारी, वरीय उपसमाहर्ता प्रेमलता कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहद सिद्दीकी, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि, डीपीओ प्रह्लाद प्रसाद गुप्ता आदि मौजूद थे।
कार्यक्रम की सफलता मे समग्र शिक्षा के मीड़िया प्रभारी शकील अहमद एवं कला, संस्कृति विभाग के अनुराग कुमार की सराहनीय भूमिका रही।











