-बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग, छात्रों और गृहणियों पर असर का दावा
पटना, 29 मार्च 2026। दीपक। Rashtriya Janata Dal (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता Chittaranjan Gagan ने पीक आवर में बढ़ाए गए बिजली दर को वापस लेने की मांग उठाई है। उन्होंने शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक महंगी की गई बिजली दर को आम जनता के लिए बोझ बताते हुए इसे तुरंत समाप्त करने और 24 घंटे एक समान दर पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा के बाद से बिहार में बिजली कटौती बढ़ गई है, खासकर पीक आवर के दौरान। इस कारण सबसे ज्यादा परेशानी छात्रों और गृहणियों को उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि शाम का समय बच्चों के पढ़ाई और घरों में खाना बनाने का होता है, ऐसे में इसी समय बिजली महंगी करना अनुचित है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद बिजली बिल में अनियमितता और मनमानी कटौती की शिकायतें बढ़ी हैं, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी पहले ही बढ़ चुकी है। अब बढ़े हुए बिजली दर से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
श्री गगन ने कहा कि मार्च महीने में ही गर्मी की शुरुआत के साथ बिजली कटौती भी शुरू हो गई है। ऐसे में यदि पीक आवर में बिजली महंगी की जाती है, तो मुफ्त बिजली देने की घोषणा का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने इसे जनता के साथ नाइंसाफी और वादाखिलाफी बताया।
राजद प्रवक्ता ने राज्य सरकार से बिजली कटौती बंद करने, सभी उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था वापस लेने और 24 घंटे एक समान दर पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है।










