Advertisement

बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, बिदुपुर ग्रिड पर दिया धरना

-बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, बिदुपुर ग्रिड पर दिया धरना

राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।

बिदुपुर पावर सब स्टेशन से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को बिदुपुर ग्रिड पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक लाइनमैन को जबरन धरने पर बैठा दिया। यहां तक कि 73 घंटे बाद बहाल हुई विद्युत आपूर्ति को भी उन्होंने बंद करा दिया।

तेज उमस और बारिश के बीच उपभोक्ताओं ने ग्रिड परिसर में डेरा डाल दिया और तकरीबन चार घंटे तक वहीं डटे रहे। बाद में विभाग के एसडीओ और बिदुपुर बीडीओ मनीष कुमार भारद्वाज मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात कर उनकी समस्याएं जानी।

पुरानी व्यवस्था, जर्जर तारें और लचर मेंटेनेंस बना कारण:

एसडीओ ने जानकारी दी कि बिदुपुर ग्रिड को हाजीपुर के रास्ते 33 केवीए हाई टेंशन तार से जोड़ा गया है, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में तार के इंसुलेटर पंचर होने के कारण आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। साथ ही, पुराने कॉपर तारों की टेम्परिंग खत्म हो चुकी है, जिससे तारों में ब्लास्ट और आग लगने जैसी घटनाएं हो रही हैं। समय से मेंटेनेंस नहीं होने से तारों पर पेड़ की डालियां और मकानों की छज्जियां गिरती रहती हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हो रही है।

प्रशासन ने की पहल, बनी कमिटी:

बीडीओ और एसडीओ के नेतृत्व में प्रखंड सभागार में एक कमिटी गठित कर उपभोक्ताओं की मांगों पर बैठक की गई। इसमें प्रमुख मांगें रखी गईं:

33 केवीए हाई टेंशन तार को सहदेई पीएसएस से जोड़ने की मांग

बिदुपुर में दूसरा पावर सब स्टेशन निर्माण की पहल

जेई का अविलंब तबादला

अनावश्यक पावर कट और शटडाउन पर रोक

स्थानीय लाइनमैन की मनमानी पर नियंत्रण

जर्जर तारों की मरम्मत और नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने की मांग

अधिकारियों ने बताया कि जिला समाहर्ता ने भी मामले को गंभीरता से लिया है और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मौके पर मौजूद प्रमुख लोग:

जिप प्रतिनिधि राजा यादव, पूर्व मुखिया संजीव सिंह, संतोष कुमार, प्रकाश यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष नित्यानंद सरोज, सुकेश यादव, अक्षय यादव, दीपक गुप्ता, ऋषभ सिंह गुड्डू, गुड्डू राय, सन्नी कुमार, विश्वजीत सिंह कुणाल समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।