Advertisement

बच्चा चोरी की अफवाहों पर पुलिस सख्त, हत्था थाना में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक; सतर्क रहने की अपील

–बच्चा चोरी की अफवाहों पर पुलिस सख्त, हत्था थाना में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक; सतर्क रहने की अपील

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।

विभिन्न क्षेत्रों में बच्चा चोरी से जुड़ी फैल रही अफवाहों को लेकर हत्था थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने की, जिसमें लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की गई।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या स्थिति की जानकारी तुरंत थाना पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को सचेत करने और अफवाहों से बचने के लिए प्रेरित करने को कहा। लोगों को आंगनबाड़ी केंद्रों,स्कूलों एवं शादी-विवाह आदि स्थलों पर बच्चों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।


बैठक में हत्था थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही तेपरी मुखिया हरिश्चंद्र राम,मुन्नी-बैंगरी के उपमुखिया शिवनाथ सिंघानिया, पूर्व सरपंच विश्वनाथ राम,सुरेंद्र कुमार शोले, बैजू सहनी, सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।