-पेयजल संकट से जूझ रहे वार्ड 34 के लोग, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर। शहर के वार्ड संख्या 34 अंतर्गत सतपुरा काजीपुर क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने से स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को क्षेत्र के लोगों ने सड़क जाम कर नगर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुमटी से पहले स्थित सतपुरा काजीपुर मोहल्ले में कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। बताया गया कि नीम चौक से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित इस इलाके में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण क्षेत्र में हाहाकार की स्थिति बनी हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके बाद उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने नगर आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप कर जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।












