-पूजा एवं विसर्जन के समय अश्लील गीतों एवं भड़काऊ नारों को किया गया है प्रतिबंधित : एसडीओ
-टाऊन थाना एवं छतौनी में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की हुई बैठक
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मोतिहारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्वेता भारती, अपर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी एवं उप महापौर डॉ लालबाबू प्रसाद की अध्यक्षता में टाऊन थाना परिसर एवं छतौनी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सरस्वती पूजा के त्यौहार को मनाने की अपील की एवं जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि पूजा समितियों के द्वारा पंडाल लगाने के लिए अनुज्ञप्ति प्राप्त करना जरूरी है एवं पूजा के दिन तथा विसर्जन के समय शांति समिति के सदस्यों को लगातार तत्पर रहकर सभी चीजों को देखने की जरूरत है कि कहीं कोई अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तौर पर भी मुकम्मल तैयारी कर ली गई है और सभी चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। एसडीओ ने कहा कि डीजे संचालन पर पूर्णता प्रतिबंध रहेगा और इसका अनुपालन कराने का निर्देश शांति समिति के सदस्यगण को भी दिया गया। पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाने, रात्रि पहर भी पूजा पंडालो के पास अपना अपना वॉलिंटियर्स रखने की बात कही गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि विसर्जन के समय अश्लील गीतों एवं भड़काऊ नारों को प्रतिबंधित किया गया है।












