Advertisement

पुलिस पाठशाला’ के बच्चों ने संभाली नशे के खिलाफ मुहिम, नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

-‘पुलिस पाठशाला’ के बच्चों ने संभाली नशे के खिलाफ मुहिम, नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

मुजफ्फरपुर। शहर में नशे के बढ़ते नेटवर्क को तोड़ने और लोगों को जागरूक करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक अनूठी पहल शुरू की है। ‘पुलिस पाठशाला’ से जुड़े रेड लाइट एरिया के बच्चों ने शनिवार को सिकंदरपुर झील किनारे स्थित पार्क में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों से लोगों को रूबरू कराया। इस अवसर पर ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा रेड लाइट एरिया के बच्चों को शिक्षा और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘पुलिस पाठशाला’ संचालित की जा रही है। इसी पाठशाला के बच्चों की एक नाटक मंडली बनाई गई है, जो अब नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बन चुकी है।
बच्चों ने अपने पहले नुक्कड़ नाटक में प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से दिखाया कि किस तरह नशे का कारोबार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है और रेड लाइट एरिया धीरे-धीरे नशे का केंद्र बनता जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि पुलिस और समाज के सहयोग से इस नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।


नाटक देखने के लिए पार्क में बड़ी संख्या में लोग जुटे। बच्चों के सशक्त अभिनय और सामाजिक संदेश ने दर्शकों को भावुक कर दिया। प्रस्तुति समाप्त होने पर लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
पुलिस के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कंपनीबाग, कल्याणी चौक सहित शहर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम में पुलिस टीम भी बच्चों के साथ मौजूद रहेगी।
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने कहा कि ‘पुलिस पाठशाला’ के बच्चों ने नाटक के माध्यम से समाज को एक सशक्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जब आम लोग जागरूक होकर नशे के अड्डों और तस्करों की सूचना पुलिस को देंगे, तब इस अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करने में बड़ी सफलता मिलेगी। पुलिस को विश्वास है कि बच्चों की यह पहल नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान को और मजबूती प्रदान करेगी।