Advertisement

पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 11 लोगों को लिया हिरासत में

-पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 11 लोगों को लिया हिरासत में

– मुख्य आरोपी राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने की इनाम की घोषणा

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र के बनिया पट्टी में पुरानी रंजिश को लेकर मंगलवार की रात 27 वर्षीय राजन कुमार को चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना नागपंचमी के दिन बहादुरी खंड के झंडा के देर रात समापन समारोह के दौरान हुई है। मृतक की पहचान अरुण प्रसाद के पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है। जबकि आरोपी पंचमंदिर रोड निवासी राजा सिंह है। जानकारी के अनुसार राजन और राजा के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद था। नागपंचमी समारोह के दौरान दोनों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। बीच-बचाव कर लोगों ने दोनों को अलग किया था। लेकिन इसके बाद दोनों पक्ष झुंड बनाकर एक-दूसरे पर हमला कर बैठे।

इस दौरान राजन के सीने में चाकू लग गया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। भगदड़ मचने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजन की मौत की खबर फैलते ही उसके परिजन और समर्थक भड़क गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपी राजा सिंह के घर पर हमला कर दिया और वहां खड़े उसके वाहन में आग लगा दी। आग की लपटों से वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस दौरान राजा के परिवार के लोग घर में फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने पीछे के रास्ते से सुरक्षित निकाला। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया है कि हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है और उसके लिए इनाम की भी घोषणा की गई है।