-पहलेजा घाट से गंगाजल लाकर गौरी शंकर मंदिर में किया जलाभिषेक
राजापाकर (वैशाली)। संवाददाता – संजय श्रीवास्तव।
श्रावण मास की तीसरी सोमवारी के अवसर पर राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार की रात भुवनेश्वर चौक स्थित गौरी शंकर महादेव मंदिर से सैकड़ों शिवभक्तों का एक विशाल कांवरिया जत्था बैंड-बाजे और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ पहलेजा घाट के लिए रवाना हुआ।
रविवार की रात से शुरू यह भक्ति यात्रा सोमवार को अहले सुबह पहलेजा घाट पहुंची, जहां विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर महिला व पुरुष कांवरियों ने पवित्र गंगाजल कलश में भरकर राजापाकर के लिए प्रस्थान किया। संगीतमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में कांवरिया भक्तों ने मंदिर प्रांगण तक की यात्रा पूरी की।
वार्ड सदस्य ठाकुर गणेश कुमार ने इस धार्मिक आयोजन की अगुवाई की और बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्च पर सैंकड़ों श्रद्धालुओं को पहलेजा घाट तक ले जाकर गंगाजल भरवाया और फिर बैंड-बाजे के साथ शिवभक्तों को भुवनेश्वर चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर तक लाया, जहां विधिवत जलाभिषेक किया गया।

नगर में कांवरिया जुलूस के स्वागत को लेकर खासा उत्साह रहा। जैसे ही जुलूस नगर में पहुंचा, लोगों की भारी भीड़ जुट गई। नगरवासियों ने कांवरियों पर पुष्पवर्षा, शरबत वितरण और जल छिड़काव कर उनका स्वागत किया।
इस भव्य आयोजन में जगन महतो, जितेंद्र कुमार महतो, मंटू महतो, रंजीत पासवान, होरिल पासवान, शत्रुघ्न पासवान, प्रीतम कुमार गुप्ता, केशव कुमार सहित अनेक सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा।
श्रद्धा, आस्था और समर्पण से ओतप्रोत यह आयोजन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा और शिवभक्तों की यह यात्रा सम्पूर्ण वातावरण को शिवमय कर गई।








