Advertisement

पताही में शराब तस्करों की दुस्साहसिक हरकत, उत्पाद विभाग की गाड़ी में मारी टक्कर, विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त

–पताही में शराब तस्करों की दुस्साहसिक हरकत, उत्पाद विभाग की गाड़ी में मारी टक्कर, विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त

मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पताही इलाके में शराब तस्करों और बिहार उत्पाद विभाग की टीम के बीच फिल्मी अंदाज में लुका-छिपी और पीछा करने का रोमांचक घटनाक्रम देखने को मिला। तस्करों ने खुद को घिरता देख विभाग की गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि अधिकारी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में विदेशी शराब की बड़ी खेप तस्करी कर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। पकड़े जाने के डर से तस्करों ने अपनी कार से विभाग के वाहन को टक्कर मार दी, जिससे विभाग की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।


इसके बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी और पीछा जारी रखा। खुद को चारों तरफ से घिरता देख तस्कर पताही के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
जब्त कार की तलाशी लेने पर उसमें से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। विभाग ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर तस्करों की पहचान के लिए वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।