Advertisement

पटना मैराथन 2026 में दौड़े 10 हजार कदम, “नशामुक्त बिहार” के संकल्प को मिला जनसमर्थन

-पटना मैराथन 2026 में दौड़े 10 हजार कदम, “नशामुक्त बिहार” के संकल्प को मिला जनसमर्थन

पटना। ब्यूरो। बिहार को नशामुक्त और स्वस्थ समाज की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पटना मैराथन 2026 का भव्य आयोजन रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार सरकार तथा State Bank of India के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मैराथन का थीम “रन फॉर नशामुक्त बिहार” था। इस आयोजन में करीब 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त और स्वस्थ बिहार के संकल्प को मजबूती दी।
कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जावान जुम्बा सेशन के साथ हुई, जिसने सभी प्रतिभागियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी P. V. Sindhu, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव अजय यादव, आयुक्त उत्पाद-सह-निबंधन महानिरीक्षक अंशुल अग्रवाल तथा एसबीआई पटना सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर अनुराग जोशी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन की शुरुआत सुबह 3:30 बजे गांधी मैदान के गेट संख्या-01 से हुई। निर्धारित रूट गांधी मैदान से प्रारंभ होकर जेपी गंगा पथ और अटल पथ तक गया। अटल पथ से यू-टर्न लेकर प्रतिभागी उसी मार्ग से वापस गांधी मैदान पहुंचे, जहां फिनिशिंग लाइन पर दौड़ का समापन हुआ। विभिन्न श्रेणियों की दौड़ को निर्धारित अंतराल पर गेट संख्या-01 से हरी झंडी दिखाकर शुरू कराया गया।


आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पूरे मार्ग पर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर और कार्डियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई थी। 10.5 किलोमीटर बिंदु पर एंबुलेंस और चिकित्सकों की विशेष तैनाती की गई, जबकि दो एंबुलेंस पूरे रूट पर लगातार गश्त करती रहीं। इसके अतिरिक्त Patna Medical College and Hospital, Nalanda Medical College and Hospital, Indira Gandhi Institute of Cardiology और Indira Gandhi Institute of Medical Sciences में आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं और ट्रॉमा सेंटर भी तैयार रखे गए थे।
विजेताओं की सूची
42.2 किमी (फुल मैराथन)
प्रथम – SADEM DESE HUSEN (इथियोपिया) – 02:22
द्वितीय – TEBEJE KINETO WASHE (इथियोपिया) – 02:26:32
तृतीय – ISAIAH NDUNGU GICHOHI (केन्या) – 02:26:36
21.2 किमी (हाफ मैराथन)
एलीट पुरुष वर्ग:
प्रथम – मुकेश भंभू
द्वितीय – NAFSENA EJETA
तृतीय – JOHN MUINDE
महिला वर्ग:
प्रथम – तामसी सिंह
द्वितीय – आकांक्षा सिंह
तृतीय – ABERU GEMECHU
10 किमी दौड़
पुरुष वर्ग:
प्रथम – पंकज यादव
द्वितीय – उत्तम कुमार
तृतीय – संदीप यादव
महिला वर्ग:
प्रथम – याशी सचान
द्वितीय – स्नेहा सिंह
तृतीय – शिवानी कुमारी
इस आयोजन में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैराथन ने समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही “नशामुक्त बिहार” के संदेश को व्यापक जनसमर्थन दिलाया।