Advertisement

नेपाल में भीषण सड़क हादसा, बिहार के तीन दोस्तों की मौत, तीन दिन बाद परिजनों को मिली सूचना

-नेपाल में भीषण सड़क हादसा, बिहार के तीन दोस्तों की मौत, तीन दिन बाद परिजनों को मिली सूचना

जनकपुरधाम से मिश्री लाल मधुकर।

नए साल के अवसर पर नेपाल दर्शन गए बिहार के तीन युवकों की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा 4 जनवरी की रात काठमांडू से वीरगंज जाते समय नेपाल के भीमफेदी क्षेत्र में हुआ, लेकिन इसकी जानकारी परिजनों को तीन दिन बाद मंगलवार को मिल सकी। अचानक आई इस खबर से मृतकों के गांवों में मातम छा गया है।
मृतकों की पहचान बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शादीपुर करारी निवासी बिट्टू कुमार (40), बड़ी बलिया निवासी अरविंद कुमार (50) तथा पटना जिले के बाढ़ निवासी रजनीश कुमार उर्फ गोल्डन (45) के रूप में हुई है। तीनों बचपन के मित्र थे और साथ में नए साल पर नेपाल भ्रमण के लिए गए थे।


परिजनों के अनुसार, तीनों युवक 2 जनवरी को काठमांडू के लिए रवाना हुए थे। 3 जनवरी को उन्होंने पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन किए और 4 जनवरी की रात आखिरी बार अपने-अपने परिवार से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिससे परिजन लगातार चिंतित थे।
जानकारी के मुताबिक, काठमांडू-वीरगंज मार्ग पर भीमफेदी इलाके में उनकी टाटा सूमो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई। हालांकि, हादसे की पुष्टि और पहचान की प्रक्रिया में समय लगने के कारण परिजनों तक सूचना देर से पहुंची।
सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन शव लेने के लिए नेपाल रवाना हो गए हैं। वहीं, बेगूसराय और पटना जिले में उनके घरों पर शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सफर की खतरनाक सच्चाई को उजागर कर दिया है।