Advertisement

नेपाल: प्रधानमंत्री ओली ने डिजिटल माध्यम से 64 सड़कों का किया उद्घाटन, मधेश विकास के लिए की कई घोषणाएं

-नेपाल: प्रधानमंत्री ओली ने डिजिटल माध्यम से 64 सड़कों का किया उद्घाटन, मधेश विकास के लिए की कई घोषणाएं

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर

रविवार को नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने जनकपुरधाम स्थित महेंद्र नारायण निधि सांस्कृतिक केंद्र के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से मधेश प्रदेश की 64 सड़कों का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम मधेश प्रदेश के भौतिक पूर्वाधार विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ओली ने बताया कि मधेश प्रदेश के आठों जिलों में कुल 320 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण होना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश की कोई भी पालिका पक्की सड़कों से वंचित नहीं रहेगी। ये नई सड़कें सुदूर ग्रामीण इलाकों को शहरी क्षेत्रों से जोड़ने का कार्य करेंगी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ओली ने मधेश विकास को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जनकपुर से बर्दीवास तक रेलवे कार्य जल्द पूरा होगा और रेलवे लाइन बार तथा सिक्स लेन सड़क के बीच डिवाइडर पर बिछाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जहां-जहां स्टेशन होंगे, वहां ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने मधेश की सिंचाई समस्या पर ध्यान देते हुए कहा कि उपजाऊ भूमि के बावजूद पानी की कमी है, इसलिए सुनकोसी नदी का पानी कमला नदी में डाइवर्ट किया जाएगा जिससे सिंचाई की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। साथ ही, उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का भी आश्वासन दिया।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “बच्ची जन्म लें तो खुशियां मनाइए, बेटी किसी भी क्षेत्र में बेटे से कम नहीं है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता मधेश प्रदेश के भौतिक पूर्वाधार मंत्री सरोज यादव ने की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह, सभामुख रामचंद्र मंडल, पूर्व मुख्यमंत्री मोहम्मद लाल बाबू राय गद्दी, स्थानीय सांसद जूली महतो, नेकपा एमाले के सांसदगण, मंत्रीगण, विधायक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ओली को जानकी मंदिर की ओर से चांदी से सम्मानित किया गया।