Advertisement

नीतीश सरकार दबाव में, बिहार में बदहाल हालात

-नीतीश सरकार दबाव में, बिहार में बदहाल हालात

-बिहार के लिए नया विज़न लाएगी कांग्रेस
-सामाजिक संगठनों से ले रही सुझाव

मुजफ्फरपुर। ब्यूरो।

चित्रगुप्त एसोसिएशन, छाता चौक पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अमिताभ दुबे ने नीतीश कुमार की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दबाव में काम कर रही है, जिसका असर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आपदा प्रबंधन जैसे तमाम क्षेत्रों में साफ दिख रहा है।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी का मेनिफेस्टो तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संगठनों से बातचीत के बाद दुबे ने कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ राहत पर भारी खर्च के बावजूद आपदा प्रबंधन विफल साबित हो रहा है। स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा और खेलकूद का माहौल नहीं है, और आज भी वृद्ध एवं विकलांग महज 400 रुपये मासिक पेंशन पर गुजारा करने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदी और आशा बहनें भी उचित मानदेय से वंचित हैं, जिससे उनका भविष्य असुरक्षित बना हुआ है।

दुबे ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने जब विभिन्न सामाजिक संगठनों से संवाद किया तो एक स्पष्ट बात सामने आई—जनता अब वर्तमान व्यवस्था से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी बिहार भर में सिविल सोसाइटी, जन संगठनों और बुद्धिजीवियों से बात कर रही है ताकि जनता की सच्ची अपेक्षाओं के आधार पर एक नया और यथार्थपरक मेनिफेस्टो तैयार किया जा सके।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर एक नई सोच और विज़न के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने जा रही है। हमारा संकल्प है कि हर वर्ग को न्याय और सम्मान मिले।”

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल, सकरा से पूर्व प्रत्याशी उमेश कुमार राम, कांटी प्रखंड प्रमुख कृपाशंकर शाही, जिलाप्रवक्ता समीर कुमार समेत कई अन्य नेता उपस्थित थे।

#BiharPolitics #CongressManifesto #BiharElection2025 #अमिताभ_दुबे #बिहार_में_परिवर्तन #नीतीश_सरकार_पर_प्रहार