-नल-जल योजना की पानी टंकी के शेड पर जलजमाव, करंट का खतरा; महीनों से समस्या जस की तस
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
प्रखंड क्षेत्र के नूनफरा पंचायत अंतर्गत मोहनपुर गांव, वार्ड संख्या–03 में नल-जल योजना के तहत स्थापित पानी टंकी में कई गड़बड़ी की बातें सामने आ रही हैं। टंकी के पाइप जाम रहने के कारण पानी लगातार ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे टंकी के शेड की छत पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों एवं ऑपरेटरों के अनुसार जलजमाव के दौरान विद्युत लाइन के तारों के संपर्क में आने से करंट के झटके भी महसूस किए जा रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं लंबे समय से हो रहे जलजमाव के कारण शेड की छत भी कमजोर होती जा रही है।

ऑपरेटर व ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है। इसकी शिकायत वार्ड सदस्य, मुखिया, पीएचईडी विभाग के जेई एवं संबंधित अधिकारियों से कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय उदासीनता के कारण न केवल समस्या बढ़ती जा रही है, बल्कि स्थानीय लोगों में भी नाराजगी गहराती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि नल-जल योजना के संचालन के दौरान ऑपरेटरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हर समय जान का खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए टंकी शेड की तत्काल मरम्मत, पाइपलाइन की सफाई तथा विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर नल-जल योजना की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ सुरक्षित रूप से आम जनता तक पहुंच सके।










