देश का ‘मन’हुआ मौन,गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा ने ‘निधन’पर दी श्रद्धांजलि

-देश का ‘मन’हुआ मौन,गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा ने ‘निधन’पर दी श्रद्धांजलि

ब्यूरो।नई दिल्ली।

देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने 92 साल की आयु में दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। रात में ही उनका पार्थिव शरीर दिल्ली स्थित आवास पर लाया गया था। कल सुबह 11 बजे उनका अंतिम संस्कार हो सकता है। कांग्रेस मुख्लालय में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।। केंद्र सरकार ने पूर्व पीएम के निधन पर सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि उनकी एक बेटी विदेश में हैं। उनके आने के बाद ही डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई दी जाएगी।
डॉ. सिंह के निधन पर पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और अन्य दिग्गज नेताओं ने दुख जताया है। लोग डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद कर रहे हैं। उनको सम्मान देने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांध ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विभाजन के दौर में भारत आना और फिर देश में इतना बड़ा योगदान देना साधारण बात नहीं है। एक अर्थशात्री के तौर पर उन्होंने अलग-अलग स्तर पर भारत सरकार में सेवाएं दी हैं। एक चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने आरबीआई के गवर्नर की भूमिका निभाई। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पीवी नरसिम्हा राव जी की सरकार में उन्होंने देश को नए मार्ग पर प्रसस्त किया।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।


राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। राजद अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा,आदरणीय पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन का दुखद समाचार सुना। सरदार मनमोहन सिंह जी ईमानदारी, सादगी, सज्जनता, सरलता, विनम्रता, बुद्धिमत्ता एवं दूरदर्शिता की प्रतिमूर्ति थे। आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार सरदार मनमोहन सिंह ने आधुनिक एवं स्वावलंबी भारत की नींव रखी।उनका जाना एक व्यक्तिगत क्षति है। उनका प्रचुर स्नेह मुझे मिलता रहा। ऐसे विनम्र विशाल व्यक्ति के साथ काम करना मेरा सौभाग्य था।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि और अन्य नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया और उनके आर्थिक सुधारों की सराहना की। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे।रवि ने सिंह को बुद्धिमत्ता, विनम्रता और ईमानदारी की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत की अर्थव्यवस्था में अमूल्य योगदान दिया और चुनौतीपूर्ण समय में देश का मार्गदर्शन किया।
आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुआ कहा कि उनके जाने की वजह से आज पूरा देश दुखी है। संघ उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। एक विनम्र व्यक्ति रहे डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की राजनीति में शीर्ष का स्थान हासिल किया। अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। हम ईश्वर से उनको सद्गति देने की कामना करते हैं।
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि आपने देश को खूब प्यार दिया। वहीं उद्योगपति गौतम अडानी ने कहा कि 1990 में उनके सुधारों को भुलाया नहीं जा सकता। आप आर्थिक उदारवाद के निर्माता थे।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद केंद्र सरकार द्वारा घोषित राष्ट्रीय शोक के बीच उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की प्रस्तावित जम्मू यात्रा शुक्रवार को पुनर्निर्धारित कर दी गई। धनखड़ को श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करना था।

Related Articles