Advertisement

दिव्या भारती: चमकता सितारा जो जल्दी ही ढल गया

#दिव्या_भारती: चमकता सितारा जो जल्दी ही ढल गया

 

दिव्या भारती का नाम सुनते ही बॉलीवुड के इतिहास में एक अधूरा सपना और असाधारण प्रतिभा की कहानी सामने आती है. वह एक ऐसी अभिनेत्री थीं जिन्होंने कम समय में ही इंडस्ट्री में धाक जमा ली और दर्शकों के दिलों में जगह बना ली. आइए दिव्या भारती के जीवन, फिल्मी सफर और उनके आसपास के रहस्य पर एक नज़र डालते हैं.दिव्या भारती का जन्म 25 फरवरी 1974 को मुंबई में हुआ था. उनका फिल्मी बैकग्राउंड न होने के बावजूद, बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था. पढ़ाई में ज्यादा दिलचस्पी ना लेने के कारण उन्होंने 15 साल की उम्र में ही मॉडलिंग शुरू कर दी. 16 साल की उम्र में उन्हें तमिल फिल्म “नीला पेंने” (1990) का ऑफर मिला, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. इसके बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और फिल्म “बोब्बिली राजा” (1990) से उन्हें पहचान मिली. इस फिल्म को हिंदी में “रामपुर का राजा” के नाम से डब किया गया. इसके बाद उन्होंने “धर्म क्षेत्रम” (1990), “थोली मधु” (1990) और “राउडी अल्लुडु” (1990) जैसी तेलुगु फिल्मों में भी काम किया.
साल 1992 दिव्या भारती के लिए निर्णायक मोड़ साबित हुआ. उन्हें डेविड धवन की निर्देशित फिल्म “शोला और शबनम” में गोविंदा के साथ काम करने का मौका मिला. यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और दिव्या को बॉलीवुड में एक सफल शुरुआत मिली. उनकी खूबसूरती, बेबाक अंदाज और शानदार डांस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवार्ड के लिए भी नामांकन मिला.इस सफल शुरुआत के बाद दिव्या ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने लगातार फिल्मों में काम किया, उनकी जोड़ी सलमान खान और गोविंदा के साथ खूब पसंद की गई. दिव्या अपनी खूबसूरती के साथ-साथ कॉमेडी, रोमांस और एक्शन जैसी विधाओं में सहजता से अभिनय करने के लिए जानी जाती थीं.दिव्या भारती के जीवन का एक विवादास्पद पहलू उनकी शादी थी. उन्होंने 10 मई 1992 को फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला से शादी की थी.

उस वक्त उनकी उम्र 18 साल थी. कम उम्र में शादी और शादी के बाद भी फिल्मों में काम जारी रखने का उनका फैसला उस समय काफी चर्चा का विषय बना.दिव्या भारती के करियर की रफ्तार बहुत तेज थी. ऐसा लग रहा था कि बॉलीवुड को एक नया सितारा मिल गया है. लेकिन 5 अप्रैल 1993 को उनके निधन की खबर ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया. वह अपने मुंबई स्थित पांच मंजिला इमारत की बालकनी से गिर गईं और उनकी दुखद मृत्यु हो गई. उस वक्त उनकी उम्र मात्र 19 साल थी. दिव्या भारती की मौत एक रहस्य बनी हुई है.

#अनूप