–दादा-दादी सम्मान समारोह में झूमे बच्चे, मध्य विद्यालय सिमरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
मुजफ्फरपुर / बन्दरा ।दीपक।
बन्दरा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय सिमरा में शनिवार को एक विशेष पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चे-बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि बच्चों के दादा-दादी एवं नाना-नानी भी समारोह में शामिल हुए, जिससे विद्यालय परिसर भावनात्मक माहौल से सराबोर हो उठा।
बच्चों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी का फूल-माला एवं चंदन लगाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। शिक्षकों ने कहा कि वर्तमान दौर में बच्चे मोबाइल और तकनीक में अधिक व्यस्त रहते हैं, जिससे पारिवारिक जुड़ाव कम होता जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से पीढ़ियों के बीच प्रेम, संस्कार और आपसी समझ बढ़ती है।

इस मौके पर बच्चों ने दादा-दादी के महत्व पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया। साथ ही ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, स्वच्छता जागरूकता और बाल विवाह उन्मूलन जैसे सामाजिक विषयों पर भी नाटक और गीत पेश कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रधानाध्यापक हरेंद्र नाथ तिवारी, चिह्नित मध्य विद्यालय बन्दरा के प्रधानाध्यापक नीरज कुमार, सुरेन्द्र प्रसाद, संजय कुमार, राघवेंद्र कुमार त्रिवेदी, रूपा कुमारी सहित कई शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।












