Advertisement

तेपरी पंचायत में स्वास्थ्य-पोषण उन्मुखीकरण संगोष्ठी, गर्भवती माताओं व किशोरियों की देखभाल पर दी गई अहम जानकारी

–तेपरी पंचायत में स्वास्थ्य-पोषण उन्मुखीकरण संगोष्ठी, गर्भवती माताओं व किशोरियों की देखभाल पर दी गई अहम जानकारी

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत तेपरी उर्फ हसननगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 में स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित उन्मुखीकरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य, पोषण, गर्भवती व धातृ माताओं तथा किशोरियों की समुचित देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने दैनिक संतुलित खानपान, नियमित टीकाकरण, शिशु स्तनपान के फायदे तथा समाज में प्रचलित अंधविश्वासों को दूर करने पर जोर दिया। शिशु के जीवन के पहले 1000 दिनों को सुरक्षित और पोषणयुक्त बनाने के तरीकों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ परिवार निर्माण पर भी चर्चा हुई।


कार्यक्रम में नल-जल योजना से मिलने वाले पेयजल के सही उपयोग और पानी की बर्बादी रोकने पर भी लोगों को प्रेरित किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने सुरक्षित पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
संगोष्ठी में आग खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) से स्वच्छता एवं पेयजल विभाग के आलोक कुमार, अवधेश कुमार व सुनेहा कुमारी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से मोनिका सिन्हा, राज चौधरी, विजय कुमार तथा कृषि क्षेत्र से गुड्डू कुमार मौजूद रहे।
इस मौके पर वार्ड सदस्य रंजू देवी, अमरेंद्र महतो, शंभू राम समेत पंचायत की कई महिलाएं एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वास्थ्य व पोषण संबंधी विषयों पर अपने विचार रखे और जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।