Advertisement

तीन रात बंद रहेगी रामदयालु गुमटी, रात 10 से सुबह 6 बजे तक वाहनों का आवागमन रहेगा बंद

-तीन रात बंद रहेगी रामदयालु गुमटी, रात 10 से सुबह 6 बजे तक वाहनों का आवागमन रहेगा बंद

मुजफ्फरपुर। शहर के रामदयालुनगर रेलखंड स्थित समपार संख्या-07 स्पेशल यानी रामदयालु गुमटी पर रेलपथ मरम्मत कार्य के चलते तीन रात सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। रेल प्रशासन द्वारा स्लीपर बदलने, रेलपथ की मरम्मत और ओवरहालिंग का कार्य कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार 30 सितंबर/1 अक्टूबर, 1/2 अक्टूबर और 2/3 अक्टूबर की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रामदयालु गुमटी से वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान रामदयालु की ओर से शहर आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।


गुमटी बंद रहने के दौरान वाहन चालक खाबड़ा रेल फाटक, मझौलिया रेल फाटक और गोबरसही रेल फाटक के रास्ते आवागमन कर सकेंगे। इन वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल से रामदयालु गुमटी पहुंचकर रास्ता बंद मिलने की परेशानी से बचा जा सकेगा। हालांकि, रात के समय इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है।
रेल प्रशासन के अनुसार समपार संख्या-07 पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्लीपर बदलने और रेलपथ की मरम्मत का कार्य आवश्यक है। जरूरत पड़ने पर समपार संख्या-06 स्पेशल को भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में तैयार रखा जाएगा।
गुमटी बंद रहने के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात में यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की योजना बना लें।