Advertisement

डीजे पर गाना बजाने को लेकर शादी में बवाल,बाराती-सराती में हिंसक झड़प

-डीजे पर गाना बजाने को लेकर शादी में बवाल,बाराती-सराती में हिंसक झड़प

-जयमाला के बाद भी नहीं हो सकी शादी

मुजफ्फरपुर। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर बाराती और सराती पक्ष के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और शादी की खुशियां देखते ही देखते अफरा-तफरी में बदल गईं। हालात ऐसे बने कि जयमाला की रस्म पूरी होने के बावजूद विवाह संपन्न नहीं हो सका।
यह मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के बाजी बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित मुखिया चौक का है। जानकारी के अनुसार, पवन मुखिया की बेटी की शादी के लिए रविवार रात बेगूसराय से बारात पहुंची थी। स्वागत के बाद बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए लड़की के दरवाजे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान गाना बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर मारपीट हुई। इस दौरान मौके पर खड़े कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई और खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया।
घटना के बाद गांव के बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद जयमाला की रस्म संपन्न कराई गई, लेकिन मामला फिर से बिगड़ गया। जयमाला के बाद एक बार फिर विवाद भड़क उठा और दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान बारातियों के कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
लगातार हुए विवाद से नाराज दूल्हा पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाह की सभी रस्में रोक दी गईं। बताया जा रहा है कि बारात में आए कई लोग अभी भी लड़की पक्ष के गांव में ही रुके हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए गांव के पंच और सम्मानित लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि विवाह संपन्न कराया जा सके।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बरियारपुर थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।